– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया पोस्टर का लोकार्पण
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। श्रावण मास के पावन अवसर पर इस वर्ष भी भगवान श्री मोजी शंकर महादेव की शाही सवारी रतलाम में भव्यता के साथ निकाली जाएगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विप्लव जैन मित्र मंडल द्वारा हर वर्ष आयोजित की जाने वाली इस ऐतिहासिक परंपरा का पोस्टर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम आगमन पर विमोचित किया।
इस वर्ष शाही सवारी 21 जुलाई – 2025 को श्रावण मास के दूसरे सोमवार को नगर भ्रमण पर निकलेगी। धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक यह आयोजन हर वर्ष श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता के साथ संपन्न होता है। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, भाजपा के संभाग प्रभारी जीतू जिराती, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, महापौर प्रहलाद पटेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन, भाजपा नेता प्रवीण सोनी और श्री मोजी शंकर महादेव भक्त मंडल के सदस्य उपस्थित थे। विप्लव जैन ने वंदेमातरम् न्यूज को बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सवारी में विशेष धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन, झांकियां और नगरवासियों की सहभागिता को विशेष रूप से जोड़ा जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।