
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रतलाम (Ratlam) में अखिल भारतीय सिंधी कवयित्री सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। भारतीय सिंधु सभा रतलाम (Ratlam) के सहयोग से सिंधी साहित्य अकादमी (म.प्र. संस्कृति परिषद, भोपाल) द्वारा संत कंवरराम सिंधु नगर स्थित गुरुनानक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, विशेषकर महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे आयोजन को महिला शक्ति को समर्पित किया गया था और कार्यक्रम का संचालन भी महिलाओं द्वारा ही किया गया, जिससे महिला सशक्तिकरण की भावना पूरे आयोजन में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद भारतीय सिंधु सभा की ओर से सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में भारतीय सिंधु सभा के अध्यक्ष राजू मलकानी ने सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों और समाजजनों का स्वागत किया। मंच पर हिना केवलरामानी, राजेश वाधवानी, राजू मलकानी, जयजी टेकचंदानी, हासी शिवानी, डॉ. निलेश वाधवानी, हीरालाल करमचंदानी (अध्यक्ष, शहीद हेमू कालानी चेरिटेबल ट्रस्ट) और विनोद करमचंदानी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने की समारोह की सराहना

मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वेस्टर्न रेलवे रतलाम (Ratlam) की वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक हिना केवलरामानी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। सिंधी साहित्य अकादमी के अध्यक्ष राजेश वाधवानी ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भारतीय सिंधु सभा और सिंधी साहित्य अकादमी मिलकर समाज और साहित्य के उत्थान के लिए ऐसे अनेक कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
सिंधी कवयित्रियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
सम्मेलन में देशभर से आईं प्रतिष्ठित सिंधी कवयित्रियों ने अपनी भावपूर्ण और ओजस्वी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर भारतीय सिंधु सभा द्वारा समाज की सेवाभावी महिलाओं का विशेष सम्मान भी किया गया। समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं में डॉ. सुनीता वाधवानी, हासी शिवानी, उषा कोटवानी, कांता लालचंदानी, आशा जोतवानी, भागेश्वरी लालवानी, जया परिपानी, सुमित्रा आवतानी, दादी आशा गुरुनानी, दादी पुष्पा, लाजवंती धनवानी और बेबी जियाना कटारिया का सम्मान किया गया।
करमचंदानी ने नारी शक्तिकरण का किया आह्वान
समारोह में विनोद करमचंदानी (प्रदेश महामंत्री, संगठन – भारतीय सिंधु सभा) ने समाज की सभी अग्रणी संस्थाओं से अपील की कि आने वाले समय में प्रत्येक संस्था में महिलाओं की कम से कम 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि महिला शक्ति को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में भारतीय सिंधु सभा रतलाम के कार्यवाहक अध्यक्ष जयजी टेकचंदानी ने सभी अतिथियों, कवयित्रियों, समाजजनों तथा प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भारत की जीत पर मनाया जश्न
समारोह के समापन पर उपस्थित लोगों ने टी-20 क्रिकेट फाइनल मैच का बड़ी स्क्रीन पर सामूहिक रूप से आनंद लिया। भारत की जीत के साथ ही सभागार में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। भारतीय सिंधु सभा रतलाम (Ratlam) के महामंत्री हरीश करनानी ने बताया कि साहित्य, सम्मान और उत्सव के संगम से यह आयोजन रतलाम के सिंधी समाज के लिए एक यादगार और ऐतिहासिक कार्यक्रम बन गया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


