
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा में उज्जैन लोकायुक्त ने शिक्षा विभाग के एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अनिल वर्मा, सहायक ग्रेड-2 के पद पर शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी संकुल केंद्र, जावरा में पदस्थ है। उस पर एक सेवानिवृत्त शिक्षक से सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
10 हजार रुपये लेते हुए लोकायुक्त ने दबोचा
लोकायुक्त की टीम ने सोमवार दोपहर करीब 1 बजे रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा में योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। बताया गया कि अनिल वर्मा ने राशि हाथ में लेने के बाद कार्यालय की टेबल की दराज पर रखे एक रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।

पहले मांगे 20 हजार बाद में 10 हजार पर सौदा
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के अनुसार, शिकायतकर्ता लक्ष्मीनारायण लोट जावरा के निवासी और सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक हैं। वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या, ब्लॉक जावरा में पदस्थ थे और 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हुए थे। आरोप है कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी करने के लिए रतलाम (Ratlam) जिले के जावरा में बाबू ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में यह राशि घटाकर 10 हजार रुपये कर दी गई।
कई दिनों से हो रहे थे परेशान, फिर की शिकायत
शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले चार से पांच दिनों से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था। इसके बाद उन्होंने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन, बातचीत के रिकॉर्ड और आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त ने आरोपी बाबू अनिल वर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, हेड कांस्टेबल हितेश ललावत तथा कांस्टेबल उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम शामिल रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


