Ratlam : कांग्रेसियों को कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले पुलिस ने रोका, वाटर कैनन से तितर-बितर

- सब्जी मंडी से निकली किसान अधिकार रैली, बैलगाड़ी-ट्रैक्टर के साथ पैदल शामिल हुए कार्यकर्ता

Congress protest in Ratlam

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। खाद, बीज, बिजली और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर रतलाम (Ratlam) जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को शहर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम घोषित किया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही रैली को रोक दिया। बैरिकेड्स पार करने की कोशिश पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेल दिया। इसके चलते कांग्रेस नेता प्रशासन को ज्ञापन सौंपे बिना ही वापस लौट गए।

सुबह से जुटने लगे कार्यकर्ता, दोपहर में शुरू हुई रैली

प्रदर्शन की शुरुआत सैलाना बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी से हुई, जहां सुबह से कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण एकत्रित होने लगे। दोपहर करीब दो बजे रैली निकाली गई, जिसमें बैलगाड़ियों और ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में लोग पैदल भी शामिल हुए। रैली विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचने वाली थी।

कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर थी पुलिस की तैयारी

प्रशासन ने अंबेडकर प्रतिमा से कोर्ट चौराहा जाने वाले मार्ग को पहले ही बंद कर दिया था। इसके बाद रैली का रुख पोलोग्राउंड (नेहरू स्टेडियम) की ओर हुआ, जहां भारी पुलिस बल और बैरिकेड्स लगाकर रास्ता पूरी तरह सील कर दिया गया था।

बैरिकेड्स हटाने की कोशिश, पुलिस ने किया बल प्रयोग

पोलोग्राउंड के बाहर आयोजित सभा में पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया और रतलाम जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत सहित अन्य नेताओं ने सरकार और प्रशासन पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकते हुए मौके पर मौजूद अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव रखा, लेकिन कांग्रेस नेता कलेक्ट्रेट पहुंचकर ही ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और हल्का लाठी बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया। काफी देर तक मौके पर नारेबाजी और हंगामा चलता रहा, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पार नहीं कर सके।

कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत, शहर अध्यक्ष शांतिलाल शर्मा, सैलान नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला, महेंद्र कटारिया, मंसूर अली पटौदी, डीपी धाकड़, राजीव रावत, लक्ष्मण सिंह डिंडौर, राजेश पुरोहित, बसंत पंड्या, इक्का बैलूत, जगदीश पाटीदार, किशन सिंगाड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण शामिल रहे। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।

इन मुद्दों को लेकर किया गया था प्रदर्शन

कांग्रेस का कहना था कि किसानों को खाद और बीज की बढ़ती कीमतों से राहत दी जाए, खाद वितरण में ई-केवाईसी संबंधी परेशानियों का समाधान किया जाए तथा बिजली और किसानों से जुड़ी अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इन्हीं मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय किया गया था, जो पुलिस द्वारा रोके जाने के कारण पूरा नहीं हो सका।


Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!