
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। सावन माह के प्रथम सोमवार, 3 अगस्त 2026 को माधव सेवा समिति के तत्वावधान में रतलाम (Ratlam) नगर की प्रथम धार्मिक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। समिति द्वारा आयोजित यह यात्रा इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। आयोजन को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
यात्रा संयोजक सोनू यादव ने बताया कि कांवड़ यात्रा सोमवार सुबह 9 बजे सिद्धेश्वर महादेव मंदिर (ब्राह्मणों का वास, रतलाम) से प्रारंभ होगी। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर बिलपांक स्थित विरूपाक्ष महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां दोपहर करीब 1.30 बजे भगवान शिव का मां गंगा, यमुना, नर्मदा, शिप्रा और माही सहित पांच पवित्र नदियों के जल से विशेष जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जलाभिषेक के पश्चात महाआरती का आयोजन होगा तथा श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। यात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, डमरू वादन और भगवान भोलेनाथ के जयघोष श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। माधव सेवा समिति ने रतलाम नगर की धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे सावन के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करें और आयोजन को सफल बनाएं।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


