Ratlam : नर्सिंग विद्यार्थियों की समस्याओं पर विधायक डोडियार ने CM को लिखा पत्र

- लंबित परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति और पंजीयन प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग

Advertisements
Sailana MLA from Ratlam district

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश के नर्सिंग विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर रतलाम (Ratlam) जिले के सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और चिकित्सा शिक्षा एवं लोक स्वास्थ्य विभाग के मंत्री को पत्र लिखा है। विधायक ने पत्र के माध्यम से प्रदेश के हजारों नर्सिंग विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निराकरण कराने की मांग की है।

विधायक डोडियार ने जीएनएम, बीएससी नर्सिंग पोस्ट बेसिक, बेसिक नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के लंबित परीक्षा परिणाम तत्काल जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिणाम जारी होने में हो रही देरी के कारण विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने एमपीएनआरसी से संबंधित परीक्षा एवं परिणाम प्रक्रिया में भी तेजी लाने की मांग की। प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षाएं हो चुकी हैं या जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा फॉर्म भर दिए हैं, उनकी परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने की बात कही गई है।

छात्रवृत्ति और विद्यार्थियों के डेटा को लेकर उठाए सवाल

विधायक ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति जल्द स्वीकृत कर जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों का डेटा संबंधित पोर्टल या विभाग में स्थानांतरित नहीं हुआ है, उसे तत्काल अपडेट और ट्रांसफर किया जाए, ताकि पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें। ईडब्ल्यूएस सहित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग भी पत्र में की गई है।

लंबित पंजीयन और नर्सिंग काउंसिल में नियुक्ति का मुद्दा

विधायक डोडियार ने सभी पात्र नर्सिंग विद्यार्थियों का लंबित पंजीयन जल्द पूरा कराने की मांग की है। साथ ही नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार पद पर योग्य और अनुभवी नर्सिंग विशेषज्ञ की नियुक्ति किए जाने की बात कही है। उन्होंने नर्सिंग कॉलेजों में फैकल्टी की कमी को भी गंभीर समस्या बताते हुए योग्य शिक्षकों की नियुक्ति कर इसका स्थायी समाधान करने की मांग की है।

कथित अवैध वसूली की उच्चस्तरीय जांच की मांग

विधायक ने परीक्षा पंजीयन, डेटा सुधार, छात्रवृत्ति अथवा अन्य विभागीय प्रक्रियाओं के नाम पर विद्यार्थियों से कथित रूप से अवैध राशि वसूले जाने की शिकायतों का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने इन शिकायतों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की अनधिकृत वसूली पर रोक लगाई जा सके।

पोस्ट बेसिक और एमएससी नर्सिंग की परीक्षाएं जल्द कराने की मांग

पत्र में पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लंबित फाइनल ईयर तथा एमएससी नर्सिंग के लंबित फाइनल ईयर की परीक्षाएं तत्काल आयोजित कराने की मांग भी की गई है। विधायक ने कहा कि परीक्षा और परिणाम में लगातार हो रही देरी का सीधा असर विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य पर पड़ रहा है।

समाधान के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलाने की मांग

विधायक डोडियार ने मुख्यमंत्री से नर्सिंग विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाने और प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो नर्सिंग छात्र संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Advertisements

Website Design By

KAMAKSHI WEB

CONTACT : +91-9753910111


 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com

Latest news

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!