

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला रतलाम (Ratlam) द्वारा आयोजित तिरंगा वाहन रैली का समापन भव्य मंचीय कार्यक्रम के साथ हुआ। रैली में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी के नेतृत्व में हाथों में तिरंगा लेकर निकली वाहन रैली ने रतलाम में देशभक्ति का माहौल बना दिया।

समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है और युवाओं को देशहित में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनना चाहिए।
तिरंगा दुपट्टा पहनाकर अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम के प्रारंभ में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने मंचासीन अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। स्वागत भाषण में उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों तथा जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के 25 मंडलों से पहुंचे युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
तिरंगे की गरिमा बनाए रखने की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने युवाओं को राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि रैली समाप्त होने के बाद किसी भी स्थिति में तिरंगे का अपमान न हो। उन्होंने कहा कि रैली में उपलब्ध कराए गए तिरंगे को 15 अगस्त को अपने घर पर सम्मानपूर्वक सबसे ऊंची जगह पर फहराएं और इसके बाद भी राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान का सदैव ध्यान रखें।
राष्ट्रहित और संगठन के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान

कार्यक्रम को रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित के कार्यों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, युवा मोर्चा के गौरव मूणत, राहुल रांका, शक्ति सिंह, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना तथा अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद डामोर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ रांका ने किया। बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। तिरंगे के साथ निकली वाहन रैली और मंच से दिए गए राष्ट्रभक्ति के संदेश ने पूरे आयोजन को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


