


सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) जिले के सैलाना तहसील अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रा हॉस्टल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 12वीं की एक छात्रा की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और हॉस्टल में मौजूद विद्यार्थियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं आर्ट्स की छात्रा वर्षा पिता टीकाराम सोलंकी, निवासी मेवाड़ पंथ, जिला देवास, मंगलवार को परीक्षा दे रही थी। परीक्षा के दौरान उसके पास से नकल की पर्ची मिलने की बात सामने आई। ड्यूटी पर तैनात शिक्षिका ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद छात्रा की कॉपी ले ली गई थी।
बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान हुई इस कार्रवाई के बाद छात्रा तनाव में थी। हालांकि, उसकी मौत के पीछे परीक्षा में पर्ची मिलने की घटना ही कारण थी या कोई अन्य वजह, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा की रूममेट लक्षिता और प्रतिभा कमरे में पहुंचीं। वहां उन्होंने वर्षा को गंभीर अवस्था में देखा। दोनों ने तत्काल हॉस्टल वार्डन को इसकी सूचना दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, हॉस्टल से जुड़े कर्मचारियों और छात्राओं से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
पढ़ाई को लेकर दबाव की बात भी सामने आई
विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र गंगवाल के अनुसार छात्रा पर पढ़ाई को लेकर दबाव था। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान छात्रा के पास पर्ची मिलने की जानकारी ड्यूटी पर तैनात शिक्षिका ने दी थी। छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस जांच के बाद तस्वीर होगी साफ
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और क्या परीक्षा से जुड़ी घटना का उसकी मानसिक स्थिति पर कोई प्रभाव पड़ा था। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


