

रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) शहर के कोमल नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में प्रतिष्ठित श्री सोनाणा खेतलाजी सिद्धेश्वर भैरव देव मंदिर में काल भैरव अष्टमी के अवसर पर दो दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 30 नवंबर और 1 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस महोत्सव में भजन संध्या, भव्य रथ यात्रा, 56 भोग और महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक देंगे प्रस्तुति
महोत्सव के पहले दिन 30 नवंबर को सैलाना रोड स्थित मोहन बाग में ‘एक शाम श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के नाम’ भव्य भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक देवेंद्र सिंह पवार (लाल मस्ताना), भीलवाड़ा, हिना डांगी, मंदसौर, अदिति कोठारी, इंदौर और बाल कलाकार तन्मय परिहार, सैलाना अपनी भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। इसके साथ ही राजस्थान की प्रसिद्ध नृत्य जोड़ी हेमसिंह-धर्मेंद्र सिंह भी आकर्षक प्रस्तुतियां देगी।
बैंड-बाजे के साथ निकलेगी खेतलाजी की भव्य रथ यात्रा
महोत्सव के दूसरे दिन 1 दिसंबर को दोपहर 2 बजे श्रीराम मंदिर से श्री सोनाणा खेतलाजी की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। बैंड-बाजे, ढोल-ताशों और भक्ति संगीत के साथ प्रारंभ होने वाली यह यात्रा कोमल नगर स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर नाचते-गाते प्रभु की आराधना करेंगे। मंदिर परिसर में विराजित श्री सोनाणा खेतलाजी एवं भैरवजी को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात विधि-विधान से महाआरती होगी। आयोजन के समापन पर महोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के साथ कोमल नगर एवं गणेश नगर के रहवासियों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है।
दसवें वर्ष आयोजित हो रहा भव्य धार्मिक महोत्सव
काल भैरव अष्टमी महोत्सव का यह दसवां वर्ष है। दोनों दिन के कार्यक्रम जुनीधाम सोनाणा खेतलाजी के परम भक्त एवं उपासक तथा कोमल नगर खेतलाजी धाम के गादीपति श्री प्रमोद कुमार जैन (सालेचा औरा) के पावन सानिध्य में संपन्न होंगे। आयोजन में श्री नाकोड़ा धाम नागदा के गादीपति श्री मुकेश सुरेशचंद्रजी (मामाजी) जैन, श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष प्रकाशवन गोस्वामी, रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्तिक पूर्णिमा पर हुआ पत्रिका लेखन
महोत्सव की तैयारियों के अंतर्गत कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच आमंत्रण पत्रिका लेखन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधि-विधान से सभी देवी-देवताओं के नाम पत्रिका लेखन कर महोत्सव के निर्विघ्न आयोजन की मंगल कामना की गई।
धर्मप्रेमी जनता से की सहभागिता की अपील
दो दिवसीय महोत्सव के आयोजक श्री सोनाणा खेतलाजी जुनीधाम के भक्तगण एवं श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर समिति, कोमल नगर रतलाम ने शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111



