रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भाजपा द्वारा रतलाम जिले की दूसरी बार बागडोर प्रदीप उपाध्याय को सौंपने के सात माह बीतने के बाद बहुप्रतिक्षित कार्यकारिणी को लेकर पार्टी सहित अब आम जनमानस को बेसब्री से इंतजार है। जिले में करीब 22 पदाधिकारियों सहित कार्यकारिणी की नियुक्ति को लेकर फायनल सूची लगभग तैयार हो चुकी है, लेकिन उक्त सूची पर अंतिम मुहर भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली कार्यालय में लगेगी। इसको लेकर संभावना जताई जा रही है कि करीब एक माह तक चले मंथन के बाद तैयार सूची का प्रकाशन सितंबर माह के पहले सप्ताह में हो सकता है। खास बात यह है कि नवीन स्तर पर तैयार की गई रतलाम भाजपा जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में ऐसे नामों को प्रमुखता दी गई है जो जमीनी कार्यकर्ता हैं। इसके अलावा पार्टी के अनुशासन को तोडऩे वाले और पद लेने के बाद पार्टी के लिए कार्य नहीं करने वालों को एक सिरे से दरकिनार कर दिया गया है।

बता दें कि रतलाम जिले की कार्यकारिणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 अगस्त -2025 को प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने रतलाम पहुंचकर रायशुमारी की थी। इस दौरान अटकले लगाई जा रही थी कि 30 अगस्त 2025 तक नई कार्यकारिणी की घोषणा हो जाएगी। प्रदेश मंत्री अग्रवाल ने वर्तमान व पूर्व जिलाध्यक्ष ृसहित विधायकों से वन-टू-वन चर्चा की थी। महापौर प्रहलाद पटेल से बंद लिफाफे में राय मंगवाई गई थी। जबकि पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी से घर जाकर नाम पूछे गए थे। वहीं रतलाम, मंदसौर और उज्जैन के सांसदों से फोन पर बात करके नाम लिए गए थे। सबकी तरफ से आए नामों की अंतिम लिस्ट बनने के बाद इसे भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में होने वाली मीटिंग में प्रस्तुत कर नाम फाइनल हो चुके हैं। इसमें संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, संभाग प्रभारी जीतू जिराती के साथ जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय भी मौजूद थे। वंदेमातरम् न्यूज से चर्चा के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने बताया कि जिले की नवीन कार्याकारिणी में सभी कार्यकर्ताओं को समानता पूर्वक मौका मिलेगा। जिले की कार्यकारिणी के अलावा 7 विभिन्न मोर्चा और करीब 12 प्रकोष्ठ भी बनाए जाएंगे। जिसमें जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सूची का अंतिम प्रकाशन दिल्ली पार्टी कार्यालय से अनुमोदन पश्चात ही होगा।
35 फीसद महिला आरक्षण पर फोकस
भाजपा की नई गाइड लाइन के मुताबिक नारी शक्ति को आगे बढ़ाते हुए इस बार रतलाम जिला कार्यकारिणी में 30 महिलाओं समेत कुल 90 सदस्यों को शामिल किया जा सकता है। इनमें 8 उपाध्यक्ष, 8 मंत्री, 3 महामंत्री, 1 कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय मंत्री सहित लगभग 21 से 22 पदाधिकारी, जबकि बाकी कार्यसमिति सदस्य होंगे। प्रदेश के पार्टी कार्यालय पर रतलाम जिले की नवागत कार्याकारिणी पर अंतिम मुहर लग चुकी है। अंतिम सूची का प्रकाशन दिल्ली कार्यालय से होने के लिए अब थोड़ा समय इंतजार करना पड़ेगा।

