
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश महामंत्री बनने के बाद विप्लव जैन 7 अप्रैल 2026 को पहली बार रतलाम (Ratlam) पहुंचेंगे। रतलाम (Ratlam) के युवा को पहली बार युवा मोर्चा में प्रदेश स्तर पर इतना महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उनके स्वागत के लिए भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी।
भाजयुमो जिला पदाधिकारियों के अनुसार वाहन रैली शाम 4 बजे कालिका माता मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी। रैली मेहंदीकुई बालाजी, नगर निगम चौराहा, कॉलेज रोड, नाहरपुरा, डालूमोदी बाजार, माणकचौक, घांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेश देवरी, धानमंडी, शहीद चौक और लोकेन्द्र टॉकीज होते हुए न्यू रोड स्थित युवा मोर्चा कार्यालय पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। जिला, प्रदेश और मंडल पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वागत को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है।
नवनियुक्त कार्यकारिणी की हुई परिचय बैठक
इससे पहले विप्लव जैन भोपाल में आयोजित भाजयुमो प्रदेश की नवनियुक्त कार्यकारिणी की परिचय बैठक में शामिल हुए। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर और मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्र सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। विप्लव जैन ने अपनी नियुक्ति के लिए वरिष्ठ नेताओं का आभार भी व्यक्त किया।
केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से की मुलाकात

भोपाल प्रवास के दौरान भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने केबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से भेंट कर अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त किया। मंत्री काश्यप ने उनका स्वागत करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भाजयुमो के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


