
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाते हुए कांग्रेस के तीन नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। निष्कासित किए गए नेताओं में पूर्व पार्षद जितेंद्र सिंह राठौर, वार्ड क्रमांक 2 की वर्तमान पार्षद सलोनी माण्डोत तथा उनके पति (पार्षद प्रतिनिधि) प्रशांत माण्डोत शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार, तीनों नेताओं पर लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने, संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन करने तथा पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही वरिष्ठ नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना को भी गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है। बताया गया है कि तीनों नेताओं ने नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला के वित्तीय अधिकारों पर रोक लगाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की थी। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस कदम को पार्टी लाइन के खिलाफ मानते हुए अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई से पहले तीनों नेताओं को तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह निर्णय लिया गया। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि संगठन के हितों की रक्षा, अनुशासन कायम रखने और पार्टी की एकजुटता बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


