
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। 48 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद रतलाम (Ratlam) पुलिस ने सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस की यह कार्रवाई बुधवार को भारत आदिवासी पार्टी (बाप) द्वारा आयोजित प्रदर्शन के संदर्भ में की गई है। वहीं विधायक डोडियार ने एफआईआर को राजनीतिक दबाव का परिणाम बताते हुए कहा है कि वे जनता और किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन और अदालत तक जारी रखेंगे।

चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार के अलावा जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा, शरद डोडियार और दिनेश माल को भी मामले में आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर प्रकरण दर्ज किया गया है।
बैरिकेडिंग के दौरान हुई बहस, समर्थक आगे बढ़े
बता दें कि बंजली क्षेत्र में बैरिकेडिंग के दौरान विधायक डोडियार और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चर्चा हुई थी। इसके बावजूद विधायक अपने समर्थकों के साथ रतलाम की ओर रवाना हो गए थे। बाद में कोर्ट तिराहे के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी थी।
कलेक्ट्रेट के बाहर फोरलेन पर धरने पर बैठे थे विधायक
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे विधायक डोडियार अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। यहां एडीएम बृजेंद्र सिंह, एसडीएम तरुण जैन और डीएसपी अजय सारवान सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें मुख्य द्वार के बाहर ही रोक दिया था। इससे नाराज होकर विधायक और उनके समर्थक फोरलेन सड़क पर धरने पर बैठ गए थे। बाद में अधिकारियों से चर्चा के बाद उन्होंने 48 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा था।
आठ दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपते हुए विधायक डोडियार ने प्रशासन को आठ दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में समाधान नहीं होने पर भारत आदिवासी पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन में किसानों से खाद-बीज की कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली पर रोक लगाने, शिवगढ़ बायपास सड़क निर्माण, सरवन में उपमंडी शुरू करने, जल जीवन मिशन के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, सैलाना अस्पताल भवन के जीर्णोद्धार तथा अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
एफआईआर पर विधायक का पलटवार
एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि यह मामला राजनीतिक दबाव में दर्ज कराया गया है। उनका आरोप है कि भाजपा ने प्रशासन और पुलिस पर दबाव बनाकर झूठा प्रकरण दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से उनका और किसान साथियों का मनोबल कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत हुआ है तथा वे जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


