

भोपाल/रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की प्रदेश स्तरीय बैठक भोपाल में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी की हालिया सांगठनिक एवं राजनीतिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में रतलाम (Ratlam) में प्रस्तावित भारत आदिवासी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन को प्रमुख एजेंडे के रूप में लिया गया। अधिवेशन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में जिम्मेदारियां तय करने, कार्यकर्ताओं से व्यापक संपर्क करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर कार्ययोजना पर सहमति बनी।
गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन का जोर
बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर चरणबद्ध रणनीति तैयार की गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसंपर्क अभियान को गति देने के साथ गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से राजनीतिक मंच तक पहुंचाया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछले समय में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा के आधार पर आगामी रणनीति तैयार की गई है। विधायक डोडियार ने कहा, “रतलाम में प्रस्तावित राष्ट्रीय अधिवेशन संगठन की दिशा और विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। इसे सफल बनाने के लिए प्रदेशभर के कार्यकर्ता पूरी ताकत और एकजुटता के साथ जुटेंगे।”
जल-जंगल-जमीन सहित जनहित के मुद्दों को उठाने पर प्रतिबद्धता

विधायक डोडियार ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों के साथ जल-जंगल-जमीन, शिक्षा, रोजगार, किसान, युवा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना पार्टी की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करते हुए आम जनता की आवाज को प्रभावी तरीके से राजनीतिक मंच पर पहुंचाया जाएगा।
जिलों में जनसंपर्क की तैयारियां तेज होंगी
बैठक में आगामी राजनीतिक एवं सांगठनिक गतिविधियों को लेकर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसंपर्क, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को गति देने का निर्णय लिया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और रतलाम में प्रस्तावित राष्ट्रीय अधिवेशन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के राष्ट्रीय सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी और सभी जिलों के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


