


रतलाम/जावरा, वंदेमातरम् न्यूज। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने रतलाम (Ratlam) वन विभाग के डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी जावरा उप वन मंडल में पदस्थ है। बताया गया है कि उसने खेत में रखी जलाऊ लकड़ी बेचने के मामले में प्रकरण दर्ज करने की धमकी देकर फरियादी से 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान 65 हजार रुपए लेने पर सहमति बनी थी।
लकड़ी बेचने के मामले में मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम शक्करखेड़ी, तहसील पिपलोदा, जिला रतलाम निवासी रहीश खां पिता अमीर शाह ने 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन को लिखित शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि उसने अपने खेत में रखी जलाऊ लकड़ी अशफाक खान को बेची थी। इसी मामले को लेकर डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा ने केस बनाने की धमकी देते हुए उससे 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। फरियादी के निवेदन पर आरोपी 65 हजार रुपए लेने के लिए तैयार हो गया।
शिकायत सही मिलने पर बिछाया जाल
शिकायत की सत्यता की जांच उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल द्वारा की गई। रिश्वत मांगने की बातचीत का सत्यापन होने के बाद शिकायत सही पाई गई। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की।
20 हजार रुपए लेते ही दबोचा
30 अक्टूबर 2026 को गठित लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा को फरियादी रहीश खां से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
10 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
इस ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हिना डाबर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत तथा आरक्षक शिवकुमार शर्मा, श्याम शर्मा, मोहम्मद इसरार, उमेश जाटव सहित कुल 10 सदस्यीय टीम शामिल रही।
भ्रष्टाचार की शिकायत लोकायुक्त को करें
लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक, अधिकारी या कर्मचारी शासकीय कार्य करने के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन को करें। शिकायत के लिए शासकीय दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर संपर्क किया जा सकता है।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


