
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) -खाचरौद मार्ग को जल्द ही जावरा-उज्जैन ग्रीनफील्ड हाईवे से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद इस परियोजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। योजना के तहत रतलाम(Ratlam)-खाचरौद रोड को फोरलेन विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय यातायात को बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण (एमपीआरडीसी) के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मार्ग निर्माण की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने मंत्री काश्यप को प्रोजेक्ट का ले-आउट और निर्माण योजना प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान मंत्री काश्यप ने ले-आउट में कुछ आवश्यक सुधार सुझाते हुए अधिकारियों को संशोधित डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के निर्देश दिए। एमपीआरडीसी के डिविजनल मैनेजर विजय सिंह ने जानकारी दी कि फोरलेन सड़क को इस तरह विकसित किया जाएगा कि आबादी वाले गांवों में यातायात प्रभावित न हो। इसके लिए गांवों के बाहर से बायपास मार्ग निकाले जाएंगे।

प्रस्तुतीकरण देखने के बाद मंत्री काश्यप ने परियोजना को शीघ्र और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में एमपीआरडीसी के एजीएम अमित भूरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम (Ratlam)-खाचरौद फोरलेन निर्माण और उसे जावरा-उज्जैन ग्रीनफील्ड हाईवे से जोड़ने के लिए लगभग 220 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना की घोषणा की थी। परियोजना पूरी होने के बाद रतलाम, खाचरौद और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


