


रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, प्रखर विचारक, साहित्यकार, कवि और वरिष्ठ पत्रकार बंशीलाल गांधी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक, साहित्यिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। गांधी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में राजनीति, पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



कांग्रेस संगठन में निभाई अहम भूमिकाएं
बंशीलाल गांधी मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इसके अलावा उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के महासचिव तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य के रूप में भी संगठन को अपनी सेवाएं दीं। वे मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के चेयरमैन पद पर भी रहे और इस जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। वर्ष 1977 के आम चुनाव में गांधी मंदसौर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी रहे थे। लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने संगठन और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई।



पत्रकारिता और साहित्य में भी बनाई अलग पहचान
राजनीति के साथ-साथ बंशीलाल गांधी पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। नई दिल्ली से प्रकाशित होने वाले ‘सांध्य समाचार’ के वे संपादक रहे। युवा पत्रकार के रूप में उन्होंने जर्मनी और रूस में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया। गांधी एक संवेदनशील कवि, प्रखर लेखक और गंभीर चिंतक के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे। सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक विषयों पर उनकी लेखनी को विशेष रूप से सराहा जाता रहा।
त्रिवेणी मुक्तिधाम पर होगा अंतिम संस्कार
बंशीलाल गांधी का अंतिम संस्कार 27 अगस्त 2026 को सुबह 9.30 बजे किया जाएगा। अंतिम यात्रा उनके निज निवास 365/12, विक्रम नगर, रतलाम (Ratlam) से रवाना होकर त्रिवेणी मुक्तिधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम विदाई देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, साहित्यकार, पत्रकार और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
प्रदेशभर से श्रद्धांजलि का सिलसिला
गांधी के निधन पर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं सहित राजनीतिक, सामाजिक, साहित्यिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।

Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


