
भोपाल/रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में सुशासन अब हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंच चुका है। सरकार “सच्चा वादा–पक्का काम” के मंत्र के साथ जनकल्याण और विकास को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “जैसी नीयत होती है, ऊपरवाला वैसी ही बरकत देता है” और लोककल्याण की भावना से किए गए कार्यों में ईश्वर भी सहयोग करता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित स्वागत एवं धन्यवाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में रतलाम विकास प्राधिकरण (Ratlam Development Authority) के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप भी मौजूद रहे।

“विरासत से विकास” की परंपरा को आगे बढ़ा रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार “विरासत से विकास” की अवधारणा पर आगे बढ़ते हुए नवाचारों के जरिए विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और वन पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के विभिन्न आयोग, निगम, मंडलों और विकास प्राधिकरणों में योग्य व्यक्तियों को अवसर दे रही है और आगे भी नियुक्तियां की जाएंगी। जनसेवा के लिए समर्पित लोगों को जिम्मेदारी सौंपना सरकार की प्राथमिकता है।
विकसित मध्यप्रदेश के साथ विकसित रतलाम का संकल्प
एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने कार्यक्रम में रतलाम के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश के साथ विकसित रतलाम का सपना साकार किया जाएगा।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जताया आभार
समारोह में रतलाम विकास प्राधिकरण (Ratlam Development Authority) के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी एवं प्रवीण सोनी तथा सदस्य राजेन्द्रसिंह गोयल, राजेन्द्र मौर्य, धीरज व्यास, राखी व्यास और किरण महावर ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत कर जनकल्याण की जिम्मेदारी सौंपने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल का भी सम्मान
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम से पहले रतलाम विकास प्राधिकरण (Ratlam Development Authority) के नवनियुक्त पदाधिकारी प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप भी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने भाजपा कार्यालय परिसर में स्थापित पार्टी के पितृपुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


