
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। रतलाम (Ratlam) जिले के सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार (MLA Kamleshwar Dodiyar) एक बार फिर अपने अलग फैसले को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने भोपाल स्थित नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआईयू) में एक वर्षीय एलएलएम (मास्टर ऑफ लॉ) पाठ्यक्रम में नियमित अध्ययन के दौरान विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन एवं भत्ते 10 माह तक स्वेच्छा से नहीं लेने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित सरकार के अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर वेतन-भत्तों का भुगतान स्थगित करने का अनुरोध किया है।
विधायक डोडियार (MLA Kamleshwar Dodiyar) ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वे विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 221 सैलाना से निर्वाचित विधायक हैं तथा 20 जुलाई 2026 से एनएलआईयू भोपाल में एक वर्षीय एलएलएम पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कोर्स के नियमित अध्ययन एवं शैक्षणिक गतिविधियों में संलग्न रहेंगे। ऐसे में उन्होंने स्वेच्छा से निर्णय लिया है कि इस अवधि में विधायक के रूप में देय वेतन एवं भत्ते ग्रहण नहीं करेंगे। उन्होंने अनुरोध किया है कि 20 जुलाई 2026 से 15 मई 2027 तक उनके वेतन एवं भत्तों का भुगतान स्थगित किया जाए।
इन पदाधिकारियों को भेजे पत्र
डोडियार ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा संसदीय कार्य मंत्री, वित्त मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्री, मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव तथा विधानसभा के प्रमुख सचिव को भी इस संबंध में पत्र भेजे हैं।
बिना किसी दबाव के लिया स्वैच्छिक निर्णय
पत्र में विधायक ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय उन्होंने किसी दबाव में नहीं, बल्कि पूरी तरह अपनी स्वेच्छा से लिया है। उन्होंने यह भी लिखा है कि भविष्य में यदि वेतन एवं भत्ते पुनः प्राप्त करने की आवश्यकता होगी तो इसके लिए अलग से आवेदन प्रस्तुत करेंगे।
पढ़ाई और सेवा के बीच संतुलन बनाने का संकल्प
विधायक डोडियार ने कहा है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान वे बार काउंसिल ऑफ इंडिया और नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी के उपस्थिति एवं अध्ययन संबंधी सभी नियमों का पालन करेंगे। साथ ही पढ़ाई और संवैधानिक दायित्वों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए विधानसभा के सत्रों में प्राथमिकता से उपस्थित रहेंगे तथा जनता के हितों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाएंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया है कि अपने विधानसभा क्षेत्र में शासकीय कार्यक्रमों, जनसुनवाई, जनसमस्याओं के निराकरण और शासन-प्रशासन से नियमित समन्वय बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा।
अपने खर्च पर करेंगे क्षेत्र का दौरा
विधायक डोडियार ने कहा कि करीब 10 माह तक वेतन एवं भत्ते नहीं लेने के बावजूद वे अपने निजी खर्च पर विधानसभा क्षेत्र के दौरे, जनसुनवाई और अन्य आवश्यक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अध्ययन के साथ-साथ विधायक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन उनकी प्राथमिकता रहेगा।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


