
रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में शनिवार दोपहर युवक कांग्रेस (Youth Congress) ने रतलाम (Ratlam) स्थित कोर्ट चौराहे पर प्रदर्शन किया।कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
वाटर कैनन से बुझाई गई पुतले की आग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी। पुलिस ने पुतला जलाने से पहले हस्तक्षेप नहीं किया, लेकिन बाद में वाटर कैनन चलाकर आग बुझा दी। पानी की तेज बौछार के कारण कई कार्यकर्ता भीग गए। कुछ समय के लिए कार्यकर्ता पुतला लेकर पास की गली में चले गए और बाद में दोबारा प्रदर्शन स्थल पर लौटे।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फोटो पर पैर मारकर अपना विरोध व्यक्त किया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।
भाजपा पर लगाया राजनीतिक षड्यंत्र का आरोप
युवक कांग्रेस (Youth Congress) जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्यसभा सीट हासिल करने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि रतलाम की बेटी मीनाक्षी नटराजन चुनाव जीतने की स्थिति में थीं, लेकिन उनका नामांकन निरस्त कर राजनीतिक षड्यंत्र किया गया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई का लगातार विरोध करेगी।
प्रदर्शन में कई कांग्रेस नेता रहे शामिल
आंदोलन में जिला युवक कांग्रेस (Youth Congress) अध्यक्ष मयंक जाट, ग्रामीण अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सेजावता, महिला नेत्री यास्मीन शेरानी, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, राजीव रावत, बसंत पंड्या, शैलेन्द्र सिंह अठाना, फैयाज मंसूरी, इक्का बैलूत, हितेश पैमाल, सत्तू व्यास, सैयद वूसत अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Website Design By
KAMAKSHI WEB
CONTACT : +91-9753910111


